मुरैना --मुरैना पुलिस ने लूट और चेन स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के सोने के जेवरात, घटना में प्रयुक्त करीब 1 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 6 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को थाना नूराबाद क्षेत्र में एक महिला अपनी बेटी के साथ कार्यालय जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवती के गले से सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। इस मामले में थाना नूराबाद में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 7 जुलाई को सीलपुर तिराहे के पास तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने न केवल उक्त चेन स्नैचिंग बल्कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई 5 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
इन थाना क्षेत्रों की वारदातों का खुलासा
थाना सिविल लाइन – 1 मामला
थाना जौरा – 1 मामला
थाना रिठौरा – 1 मामला
थाना नूराबाद – 2 मामले
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र की 2, गोहद क्षेत्र की 1, बड़ोखर मंदिर के पास 1 तथा जौरा क्षेत्र की 1 अन्य वारदात करना भी स्वीकार किया है। इन मामलों में विस्तृत पूछताछ जारी है।
जब्त किया गया माल
करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात
घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये)
गिरफ्तार आरोपी
बंदी उर्फ धर्मवीर गुर्जर (गड़ौरा, थाना सरायछोला)
सुनील गुर्जर (खेरवाया, थाना नूराबाद)
रिकू गुर्जर (खेरवाया, थाना नूराबाद)
भोलू उर्फ मंगल गुर्जर (खेरवाया, थाना नूराबाद)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर लूट, चोरी, चेन स्नैचिंग, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना नूराबाद, बामौर, सिविल लाइन, रिठौरा, सरायछोला और साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
Post a Comment