मुरैना-- सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में जिले में खनिज उत्खनन एवं परिवहन कार्य में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर, जेसीबी एवं अन्य वाहनों में जीपीएस डिवाइस अनिवार्य किए जाने को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में गठित टीमों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर वाहन स्वामियों को जागरूक किया जा रहा है और उन्हें अपने वाहनों में जीपीएस डिवाइस लगाने की समझाइश दी जा रही है।
इसी कड़ी में पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने ए.बी. रोड स्थित ग्राम छौंदा में चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की सघन जांच की गई, जिसमें 7 वाहनों में नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं पाए गए। इस पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹64,500 का राजस्व वसूला गया।
इसके अलावा, 5 ट्रैक्टरों को मोटरयान नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाया गया, जिन्हें जब्त कर थाना सिविल लाइन में सुरक्षित रखा गया है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वाहन स्वामियों को जेसीबी, डम्पर एवं ट्रैक्टरों में अनिवार्य रूप से जीपीएस डिवाइस लगाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी स्वाती पाठक, परिवहन उपनिरीक्षक अशोक शर्मा, परिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक जितेंद्र तोमर सहित थाना सिविल लाइन के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Post a Comment