मुरैना -- कल कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रस्तावित चक्का जाम एवं प्रदर्शन कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में आज नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भापुसे) द्वारा निरावली-बानमोर बॉर्डर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अनुशासन एवं संयम बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाए। साथ ही, बॉर्डर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पेट्रोलिंग एवं चेकिंग पॉइंट्स की समीक्षा की गई। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चक्का जाम के दौरान आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
Post a Comment