मुरैना -- स्टेशन रोड थाना पुलिस ने फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में दो फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार।


मुरैना -- स्टेशन रोड थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं फायरिंग के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उत्तमपुरा से पकड़ा। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात करीब 11:40 बजे फरियादी गुनी टैगोर निवासी नेक्सिया गली, उत्तमपुरा मुरैना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करण वाल्मीकि एवं उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस घटना में अनिल कुमार टैगोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 9 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने प्रकरण में वांछित मुख्य आरोपी मनोज वाल्मीकि और धीरू वाल्मीकि को उत्तमपुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय बैरैया सहित पुलिस टीम की भूमिका को सराहनीय बताया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post