मुरैना -- जिले के सबलगढ़ क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद चंबल क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की सबलगढ़ गेम रेंज टीम को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब 2 किलोमीटर तक पीछा किया और फिल्मी अंदाज में ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान गेम रेंज सबलगढ़, वन परिक्षेत्र सबलगढ़ और SAF स्टाफ मौजूद रहा। टीम ने एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया, जिसमें लगभग 2 घन मीटर रेत भरी हुई थी। जब्त वाहन को रेंज परिसर सबलगढ़ में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग अधिकारियों का कहना है कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
Post a Comment