मुरैना -- जिला मुख्यालय पर 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड, मुरैना में किया गया, जहां भव्य परेड एवं विविध कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को बनाए रखा गया।
मुख्य अतिथि प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। ध्वज फहराने के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया।
समारोह के प्रारंभ में पुलिस बल द्वारा हर्ष फायर किए गए। इसके पश्चात शांति, सौहार्द एवं सद्भावना के प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि द्वारा खुले आकाश में गुब्बारे छोड़े गए। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने खुली जीप में सवार होकर परेड टुकड़ियों का निरीक्षण करते हुए उन्हें सलामी प्रदान की। इस अवसर पर उनके साथ कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ तथा रक्षित निरीक्षक श्री रविकांत शुक्ला उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा समारोह में उपस्थित नागरिकों का अभिवादन किया गया तथा बालक-बालिकाओं की हौसला अफजाई की गई। परेड की द्वितीय कमान सूवेदार श्री गजेन्द्र सिंह परिहार ने संभाली। एस.ए.एफ. 5वीं बटालियन की टुकड़ी का संचालन उपनिरीक्षक श्री दयाशंकर होल्कर द्वारा किया गया। जिला पुलिस बल टुकड़ी की कमान उप निरीक्षक श्री कपिल पाराशर, मध्यप्रदेश होमगार्ड की उप निरीक्षक श्री दीपक राठौर, महिला जिला पुलिस बल मुरैना की श्रीमती ममता गुर्जर, मध्यप्रदेश फॉरेस्ट की टुकड़ी की कमान वनपाल श्री ओमप्रकाश, एनसीसी सीनियर डिवीजन आर्मी की श्री राम गुर्जर, एनसीसी जूनियर डिवीजन आर्मी की श्री विकास मौर्य, एनसीसी नेवी वॉइज की श्री अमित भदौरिया, एनसीसी नेवी गर्ल्स की गौरी तोमर, स्काउट दल वॉइज की श्री शिवम शर्मा, स्काउट दल गर्ल्स की कशिश राजौरिया, शौर्य दल मुरैना की ऋतु शर्मा तथा बैण्ड प्लाटून की कमान श्री विनोद गुर्जर द्वारा संभाली गई।
समारोह उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया गया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री कंषाना द्वारा शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं विषयपरक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, नगर पालिक निगम, शिक्षा विभाग, वन विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, उद्यानिकी विभाग, जिला पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा कुटीर उद्योग विभाग शामिल रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में इमानुअल स्कूल, शासकीय जीडी जैन, नील वर्ल्ड स्कूल, अशासकीय सरस्वती शिशु मंदिर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षा नगर मुरैना, शासकीय मॉडल स्कूल तथा अशासकीय गंगा पब्लिक स्कूल मुरैना के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं।
परेड प्रतियोगिता में पुलिस बल को प्रथम, एस.ए.एफ. 5वीं बटालियन को द्वितीय तथा मध्यप्रदेश होमगार्ड जिला मुरैना को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय परेड प्रतियोगिता में एनसीसी जूनियर आर्मी को प्रथम, एनसीसी नेवी वॉइज को द्वितीय तथा शौर्य दल को तृतीय स्थान प्राप्त होने पर शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
झांकियों की प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रथम, जिला पंचायत मुरैना को द्वितीय तथा कृषि विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में शासकीय जीडी हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरैना प्रथम, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरैना द्वितीय एवं अशासकीय सरस्वती शिशु मंदिर तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री सुधीर आचार्य, श्री श्याम सिकरवार तथा श्रीमती बिंदु सोलंकी द्वारा किया गया। समारोह के समापन पर पुलिस एवं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आयुक्त चंबल संभाग श्री सुरेश कुमार, डीआईजी श्री सुनील कुमार जैन, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, श्री गिर्राज डंडोतिया, पूर्व विधायक श्री रघुराज सिंह कंषाना, पूर्व महापौर श्री अशोक अर्गल, जनपद अध्यक्ष मुरैना श्री मोहर सिंह कंषाना, सीईओ जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त जिलाधिकारी, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
Post a Comment