मुरैना -- मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मुरैना में कलेक्टर अंकित अस्थान के उपस्थिति में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से शिक्षा, खेल और नगर निगम के सहयोग से अधिकारियों कर्मचारियों ने शहर में भारतीय आन-बान और शान का संदेश देते हुए रैली निकाली। रैली को कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने अम्बेडकर स्टेडियम से रवाना किया। इस अवसर पर महापौर शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र डाबर उपस्थित थे।
कलेक्टर ने ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत जिले के नागरिकों से अपील की है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोग अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहरायें। उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज स्वाभिमान और राष्ट्रीयता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नागरिक अपने-अपने घरों में पर सहसम्मान राष्ट्रीय ध्वज फहरायें।
महापौर शारदा सोलंकी ने कहा कि ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान को मुरैनावासी पूरे उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाएं। सभी नागरिक अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरायें एवं सेल्फी खींचकर उसे अपलोड करें एवं अभियान को सफल बनायें।
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर ने कहा कि सभी नागरिक स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश, उत्साह एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाऐं। रैली को हरी झंडी दिखाने के पश्चात् सभी ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी खींचकर अपलोड की।
इस रैली का सफलतापूर्वक आयोजन आयुक्त नगर निगम मुरैना, जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र मुरैना एवं समस्त शासकीय विभाग तथा जनअभियान परिषद के सहयोग से हुआ। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पंडित राम प्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंची एवं रैली का समापन सफलतापूर्वक हुआ।
Post a Comment