मुरैना -- पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश में "नशे से दूरी है जरूरी" शीर्षक से विशेष जन जागरूकता अभियान दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक संचालित किए जाने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
उक्त निर्देशों के परिपेक्ष्य में समीर सौरभ, पुलिस अधीक्षक मुरैना के निर्देशन में सुरेन्द्र पाल डावर अति. पुलिस अधीक्षक मुरैना (जिला स्तरीय नोडल अधिकारी) के मार्गदर्शन में जिला मुरैना में "नशे से दूरी है जरूरी" संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत आज दिनांक 19.07.25 को जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं एसडीओपी स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बस, ऑटो, ई-रिक्शा आदि वाहनों पर पोस्टर लगवाने, नुक्कड-नाटक आयोजित कर जनजागरूकता फैलाने संबंधी निर्देश दिए गए। नशा मुक्ति अभियान हेतु बनाई गई कार्ययोजना के अनुसार अभियान के पांचवे दिन आज दिनांक 19.07.2025 को जिला मुरैना के विभिन्न थाना/अनुभाग क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत बसो, ऑटो, ई-रिक्शा एवं अन्य प्रकार के वाहनों पर जागरूकता अभियान संबंधी पोस्टर लगाए गए साथ ही वाहन चालको से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी देते हुए पेंपलेट, टी-शर्ट एवं कैप आदि वितरित किए गए एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर समाज से नशा उन्मूलन के संकल्प को दोहराया गया।
शहर मुरैना में सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, अति पुलिस अधीक्षक मुरैना, नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया, अर्चना परिहार आर.टी.ओ. मुरैना, भूपेन्द्र कुशवाह एसडीएम मुरैना, रनि संतोष भदौरिया थाना प्रभारी यातायात, सूबेदार गजेन्द्र परिहार एवं सूबेदार हरेन्द्र सिंह द्वारा बेरियर चौराहे पर नशामुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहनों पर अभियान से संबंधित पोस्टर चिपकाए गए एवं वाहन चालकों को कैप, टी-शर्ट आदि वितरित कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उक्त कार्यक्रम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में आयोजित किये गये, जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में करीबन 900 वाहनों पर पोस्टर लगाए गए एवं 1400 से अधिक लोगों ने भाग लिया, पुलिस द्वारा आमजन को नशामुक्ति का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज निर्माण हेतु शपथ दिलाई एवं पेंपलेट आदि वितरित की गई।
Post a Comment