मुरैना-- मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुरैना विधानसभा क्षेत्र के किसान भाइयों, नौजवान साथियों एवं शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की समस्त जनता से अनुरोध किया है कि मैं आप सभी से विनम्र आग्रह करता हूँ कि मुरैना विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा जो ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं, वे अधिकतर घटिया गुणवत्ता के और नकली सामग्री से निर्मित हैं। किसान बड़ी कठिनाइयों से 10% राशि जमा करके ट्रांसफार्मर प्राप्त कर रहे हैं। मेरे द्वारा भी क्षेत्र की जनता को बिजली बिल भरने और विभागीय प्रक्रियाओं में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया है।
परंतु, यह अत्यंत दुःख की बात है कि विद्युत विभाग द्वारा जो ट्रांसफार्मर दिए गए हैं वो ट्रांसफार्मर 4 दिन, 6 दिन, 10 दिन या एक महीने के भीतर ही खराब हो जाते हैं। जब किसान या ग्रामीणजन विद्युत विभाग के पास शिकायत लेकर जाते हैं, तो उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता। क्षेत्र की जनता को निराश होकर लौटना पड़ता है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत ट्रांसफार्मर कई दिनों तक खराब पड़े रहते हैं और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अंधेरा छा जाता है। जिस कारण क्षेत्र की जनता को इस भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से क्षेत्र की जनता से निवेदन किया है कि जिन-जिन लोगों ने ट्रांसफार्मर के लिए राशि जमा की है और जिनके ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, वे एक आवेदन पत्र तैयार करें। उसमें जमा की गई राशि की रसीद की फोटोकॉपी और ट्रांसफार्मर की खराबी की जानकारी संलग्न करें और आवेदन पत्र मुझे दे। मैं आप सभी क्षेत्रवासियों की लड़ाई को लोकायुक्त से लेकर विधानसभा तक, हर स्तर पर पूरी ताक़त से लड़ूँगा। और कहा कि आपका सहयोग ही मेरी ताक़त है। मैं इस भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ आवाज़ मरते दम तक उठाऊंगा।
Post a Comment