मुरैना --- जिले से मलेरिया जन जागरूकता रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के समस्त विकासखंड के मलेरिया प्रभावित चिन्हित ग्रामों में जाकर लोगों को मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित बीमारी से बचाव, रोकथाम, इलाज के बारे में जागरूक करेगा।
राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष माह जून मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाता है। मानसून के प्रारम्भ होने व मानसून के पश्चात् मच्छरों के उत्पत्ति स्थल बढ़ जाने के कारण मलेरिया जन्य परिस्थितियाँ निर्मित हो जाती हैं एवं मलेरिया का प्रसार अधिक होने लगता है। इसी तारतम्य में मानसून प्रारम्भ होने के पूर्व जून माह में यह आवश्यक है कि मच्छरों के उत्पत्ति स्थलों के नियंत्रण एवं मलेरिया बीमारी की रोकथाम के सम्बन्ध में समस्त जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं सामान्यजन में व्यापक रूप से दी जाती है, जिससे आगामी माहों में प्रभावी रूप से मलेरिया बीमारी की रोकथाम हो सके। मलेरिया निरोधक माह का आयोजन मात्र मलेरिया बीमारी के नियंत्रण के उपाय के लिये ही नहीं, बल्कि मच्छरजनित अन्य बीमारियों जैसे फाइलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रभावी नियंत्रण के लिये भी किया जाएगा। मलेरिया माह के कार्यक्रमों को जिला मुख्यालय या ब्लॉक मुख्यालय एवं इसका प्रचार-प्रसार गाँव-गाँव तक किया जाकर जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु होगा। इस अवसर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद बंसल, डॉ. एसके कारखुर, मीडिया ऑफीसर श्रीमती बसंती बाजौरिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गोयल, डीपीएम श्री एसपी श्रीवास्तव, सहायक मलेरिया अधिकारी डॉ. महेन्द्र यादव, जेएमआई श्री देवव्रत उपाध्याय, रवि सिकरवार, समस्त मलेरिया स्टाफ, फैमिली हेल्थ इन्डिया एम्बेड परियोजना जिला समन्वयक एवं अन्य कर्मचारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Post a Comment