मुरैना-- मैरिज गार्डन एवं डी.जे. संचालकों की बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश।

मुरैना शहर में विवाह समारोहों के दौरान होने वाली अव्यवस्थाओं, ट्रैफिक जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 01 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन मुरैना स्थित सभागार में मैरिज गार्डन संचालकों एवं डी.जे. संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने और नियमों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी संचालकों को कड़े निर्देश जारी करते हुए निम्न बिंदुओं का पालन अनिवार्य रूप से करने को कहा—

सभी मैरिज गार्डन संचालक नियमानुसार रजिस्ट्रेशन कराकर शर्तों का पालन करें।

मुख्य एवं निकासी द्वार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

शादी एवं अन्य आयोजनों में हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित होगी।

गार्डन में आग से सुरक्षा हेतु अग्निशमन यंत्र उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

वाहनों की पार्किंग के लिए उचित स्थान निर्धारित किया जाए।

ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने हेतु सुरक्षा गार्ड या वॉलेंटियर तैनात किए जाएं।

रात्रि 10 बजे से प्रातः 8 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डी.जे.) के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

बैठक में एडीएम अश्विनी रावत, एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डावर, नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम भूपेंद्र कुशवाह, तहसीलदार कुलदीप दुबे, कोतवाली टीआई अमित सिंह भदौरिया, यातायात टीआई संतोष सिंह भदौरिया सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। 60 मैरिज गार्डन संचालक एवं 60 डी.जे. संचालक भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के अंत में सभी संचालकों से वचन-पत्र प्राप्त किए गए और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु समय-सीमा तय की गई। संचालकों ने जिला प्रशासन को सभी नियमों का 100 प्रतिशत पालन करने का आश्वासन दिया। बैठक उपरांत धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post