Friday 19 July 2024

मुरैना - कलेक्टर व जिला सीईओ ने जौरा विकासखण्ड के ग्राम इटावली, हथरिया में पौधरोपण किया


मुरैना -- 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत कलेक्टर  अंकित अस्थाना व जिला सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने जौरा विकासखण्ड के ग्राम इटावली, हथरिया में पौधरोपण किया। इसी प्रकार पौधरोपण मुरैना जिले के 324 गांवों में एक साथ किया गया। जिसमें 1 लाख 10 हजार 415 पौधे एक दिन में ही लगाये गये। 
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कहा कि राज्य शासन द्वारा पूरे राज्य में ’एक पेड़ मां के नाम' अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसमें मुरैना जिले में 6 लाख 30 हजार पौधे लगाने लक्ष्य रखा गया है। जिसके तहत आज तक मुरैना जिले में साढ़े 3 लाख पौधे लगाये जा चुके है। उन्होंने कहा कि आज इटावली में वृक्षारोपण किया गया है। उन्होंने ग्राम इटावली में 6 हजार 400 और ग्राम हथरिया में 4 हजार 200 पौधे एक साथ लगाये।      
कलेक्टर ने बताया कि ग्राम इटावली में शासकीय भूमि पर मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण किया गया है। पेड़ों में पानी देने के लिये जल स्त्रोत के माध्यम से पंचायत द्वारा पाइप लाइन डालकर पेड़ों को जीवित रखने की जिम्मेदारी सरपंच को सौंपी है।     
        कलेक्टर अस्थाना ने कहा कि मात्र पौधा लगाना मकसद नहीं है, बल्कि पौधे की परिवार के सदस्य जैसी जिम्मेदारी समझते हुए देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने इस अभियान को स्वच्छता मिशन से जोड़ते हुए कहा कि हम यदि स्वच्छ वायु, ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण चाहते हैं तो वृक्षों का उसमें सबसे अहम योगदान है। हमारा वातावरण स्वच्छ रहे, इसके लिए हमारा परिवेश वृक्षों से आच्छादित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज हम जो पौधा रोप रहे हैं, वह कल हमारा सच्चा मित्र बनकर बड़ा होगा। हमें फल देगा, छाया देगा और हमारे वातावरण को स्वच्छ रखेगा। इसलिए पौधे के लिए आवश्यक पानी, खाद सभी उचित मात्रा में मिले, इसलिये हमने कमेटी गठित की है। जो समय-समय पर निरीक्षण करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हम अपने मां-पिता के नाम पर पेड़ लगाते हैं और हमारे द्वारा आज लगाए गए पौधे वर्षों तक जीवित रहकर लोगों को हमारा स्मरण कराते हैं। उन्होंने कहा व्यक्ति रहे न रहे उसके द्वारा लगाया गया पौधा वर्षों तक संबंधित व्यक्ति का स्मरण कराता है। 
इस अभियान में समस्त जनपदों ने प्रमुख कार्यक्रम कर बड़ी संख्या में पौधरोपण किया। देवरी नर्सरी पर जनपद अध्यक्ष मुरैना मोहर सिंह कंषाना ने 'एक पेड़ मां के नाम’अभियान के तहत पौध रोपण किया। इसके साथ ही जिले के अन्य स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों, व्यवसायी, पत्रकार, स्व-सहायता समूह की महिलाओं सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायकों ने स्वप्रेरणा से पौधरोपण किया।

No comments:

Post a Comment